ग्रेटर नोएडा के फर्नीचर मार्केट में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, दो किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं

top-news
ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग लगने से 8 दुकानें जलकर राख हो गईं। वहीं नोएडा सेक्टर-2 की फैक्ट्री और जेवर एयरपोर्ट के पास झाड़ियों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।

ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार रात करीब 10 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि लपटें करीब 20 फीट तक उठती दिखाई दीं और धुएं का गुबार करीब 2 किलोमीटर दूर तक नजर आया। आग के दौरान कई धमाकों की आवाज भी सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 32 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक 6 फर्नीचर और 2 प्लास्टिक की दुकानें जलकर राख हो चुकी थीं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जांच में आग प्लास्टिक की दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है।


संकरी सड़कें बनीं राहत कार्य में बड़ी चुनौती

पूरा मामला बिसरख थाना क्षेत्र का है। आग लगने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे इलाके में जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर रास्ते खाली कराए। शाहबेरी की संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। आग तेजी से फैलने के कारण ग्रेटर नोएडा वेस्ट से क्रॉसिंग रिपब्लिक की तरफ जाने वाला मार्ग भी कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। फायर अधिकारियों के मुताबिक गोदामों में पेंट और अन्य ज्वलनशील केमिकल रखे होने की वजह से धमाके हुए। सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचाया गया और छह दिशाओं से आग बुझाने का काम शुरू किया गया।


नोएडा में कपड़ा फैक्ट्री और एयरपोर्ट के पास भी लगी आग

इसी दिन सेक्टर-2 में एक कपड़ों की फैक्ट्री में भी आग लग गई। आग फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर बने टीन शेड में रखे सामान में लगी थी। दमकल विभाग की दो गाड़ियों और करीब 15 कर्मचारियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जल गया, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। शुरुआती जांच में यहां भी शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। वहीं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की चारदीवारी के बाहर खाली जमीन पर उगी झाड़ियों में भी शुक्रवार शाम आग भड़क उठी। तेज हवा के कारण आग बनवारीवास गांव की तरफ बढ़ने लगी, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *