प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती, सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारा
- Shiv Kumar
- 16 May, 2026
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-62 क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के टोट मॉल रोड स्थित सी ब्लॉक की ग्रीन बेल्ट में बने मोबाइल टॉवर की है। पुलिस के मुताबिक युवती ने खुद डायल-112 पर कॉल कर जानकारी दी थी कि वह पिछले दो वर्षों से बिहार निवासी एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी और ग्राम मामूरा में रह रही थी। युवती का आरोप है कि संबंधित युवक इस समय बिहार में किसी दूसरी लड़की से शादी कर रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
पुलिस और फायर टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। युवती मोबाइल टॉवर पर काफी ऊंचाई पर चढ़ी हुई थी, जिससे आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिसकर्मियों और फायर टीम ने युवती से लगातार बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में युवती को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती मानसिक तनाव में थी। फिलहाल उसे सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के दौरान इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मानसिक तनाव की स्थिति में ऐसा कदम न उठाएं और परिवार या प्रशासन से मदद लें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






