ग्रेटर नोएडा में दहेज उत्पीड़न की शिकार हुई विवाहिता, पति-ससुर गिरफ्तार, शादी में किया था एक करोड़ रुपये खर्च
- Shiv Kumar
- 18 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां डेढ़ साल पहले शादी करने वाली 24 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महिला ने कथित रूप से छत से कूदकर आत्महत्या की, जबकि मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है।
फॉरच्यूनर कार और 50 लाख मांगने का आरोप
मृतका के पिता संजय नागर निवासी कूड़ी खेड़ा ने आरोप लगाया कि करीब 14 महीने पहले दीपिका की शादी जलपुरा निवासी ऋतिक के साथ बड़े धूमधाम से की गई थी। परिवार ने शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। परिजनों के मुताबिक दीपिका पर फॉरच्यूनर कार और 50 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाता था। आरोप है कि इसी को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का कहना है कि दीपिका कई बार फोन पर अपनी परेशानी बता चुकी थी, लेकिन रिश्ते बचाने के लिए सब सहती रही। घटना के बाद जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो दीपिका मृत अवस्था में मिली और उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए।
पति और ससुर गिरफ्तार, जांच जारी
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंचे और ससुराल पक्ष के खिलाफ नाराजगी जताई। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और परिवार के लोगों के बयान भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाहिता को किस तरह प्रताड़ित किया जा रहा था और घटना से पहले क्या परिस्थितियां थीं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






