ग्रेटर नोएडा में हथियार तस्कर गिरफ्तार, सप्लाई करता था अवैध हथियार, तमंचे और कारतूस बरामद
- Shiv Kumar
- 18 May, 2026
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भजन सिंह के रूप में हुई है, जिसे रविवार को झांझर और डूढेरा रोड के पास से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में अपराधियों को अवैध हथियार सप्लाई कर रहा था। उसके कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि हाल ही में जेवर क्षेत्र में हुए गोलीकांड में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी इसी आरोपी ने उपलब्ध कराया था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क और अन्य खरीदारों की जानकारी जुटाने में लगी है।
रास्ता देने के विवाद में हुई थी फायरिंग
यह मामला 14 मई की रात जेवर थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड से जुड़ा हुआ है। पुलिस के मुताबिक रास्ता देने को लेकर हुए विवाद में आरोपी हिमांशु भाटी ने खरीदारी करने आए पिता-पुत्र पर फायरिंग कर दी थी। इस घटना में मॉडलपुर निवासी केशव कुमार का बेटा टोनी घायल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हिमांशु भाटी को गिरफ्तार कर लिया था। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया गया था। पूछताछ के दौरान हिमांशु ने खुलासा किया कि उसने तमंचा और कारतूस एक हथियार तस्कर से खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हथियार सप्लायर की तलाश शुरू कर दी थी।
आगरा का रहने वाला है आरोपी, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी भजन सिंह मूल रूप से आगरा जिले के थाना ऐतमादपुर क्षेत्र के गांव सवाई का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से इलाके में घूम-घूमकर अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा था। आरोपी को पकड़ने के लिए लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलांस टीम की मदद ली गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अब तक कितने लोगों को हथियार सप्लाई कर चुका है और उसके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






