टाइल्स सप्लाई के नाम पर महिला डायरेक्टर से 3.60 लाख की ठगी, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

top-news
ग्रेटर नोएडा में टाइल्स सप्लाई के नाम पर महिला कंपनी डायरेक्टर से 3.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि भुगतान लेने के बाद दुकानदार ने न सामान भेजा और न ही पैसे लौटाए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में एक बिल्डर कंपनी की महिला डायरेक्टर से 3.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि टाइल्स सप्लाई के नाम पर दुकानदार ने रकम लेने के बाद न तो सामान भेजा और न ही पैसे वापस किए। पीड़िता की शिकायत पर दनकौर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता सरिता शर्मा एक कंपनी की डायरेक्टर हैं और ग्रीनवे गोल्फ विजेल में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बिल्डर साइट पर लगाने के लिए दिल्ली से टाइल्स मंगवाई गई थीं। इसके लिए दिल्ली के शालीमार बाग निवासी दुकानदार मनीष गांधी से संपर्क किया गया था। आरोपी ने समय पर टाइल्स सप्लाई करने का भरोसा दिया था।


बैंक के जरिए किया गया भुगतान

पीड़िता के मुताबिक 3 मई से 9 मई के बीच आरोपी दुकानदार को बैंक ट्रांजैक्शन के माध्यम से करीब 3.60 लाख रुपये का भुगतान किया गया। रकम मिलने के बाद भी आरोपी ने तय समय पर टाइल्स नहीं भेजीं। कई बार संपर्क करने पर वह लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। मामले के सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है।


धोखाधड़ी और धमकी का केस दर्ज

दनकौर कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी सोहनपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक लेनदेन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *