ग्रेटर नोएडा पुलिस की बड़ी कार्यवाही, विदेशी महिला 60 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार, नाइजीरियाई नागरिक पर केस दर्ज
- Shiv Kumar
- 18 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सुपरटेक उपकंट्री सोसायटी में छापेमारी के दौरान महिला के पास से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। आरोपी महिला को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेचने का काम कर रही थी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी के दस्तावेजों और भारत में रहने की वैधता की भी जांच कर रही है।
दुकान की आड़ में चल रहा था शराब का कारोबार
दनकौर पुलिस को सूचना मिली थी कि सुपरटेक उपकंट्री सोसायटी में रहने वाली एक विदेशी महिला दुकान की आड़ में शराब तस्करी का धंधा चला रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रविवार को मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान महिला की दुकान से करीब 60 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह काफी समय से शराब की बिक्री कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नाइजीरिया की रहने वाली है आरोपी महिला
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला की पहचान 57 वर्षीय उज्जू निवासी नाइजीरिया के रूप में हुई है। आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उसके पासपोर्ट, वीजा और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले की जानकारी संबंधित विदेशी दूतावास को भी दे दी है। दनकौर कोतवाली के एसएसआई सोहनपाल सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






