नोएडा के कई पेट्रोल पंप में पेट्रोल-डीजल हुए आउट ऑफ स्टॉक, लोग बिना पेट्रोल डलवाए जा रहे वापस
- Shiv Kumar
- 18 May, 2026
नोएडा शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सोमवार को पेट्रोल और डीजल की किल्लत देखने को मिली। कई पंपों पर ईंधन पूरी तरह आउट ऑफ स्टॉक हो गया, जिसके चलते संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी सेक्टर-54 स्थित पेट्रोल पंप पर देखने को मिली, जहां पेट्रोल और डीजल दोनों खत्म हो गए। पेट्रोल डलवाने पहुंचे लोगों को बिना ईंधन लिए ही वापस लौटना पड़ा। अचानक आई इस समस्या से वाहन चालकों में नाराजगी भी देखने को मिली।
तीन दिन से नहीं पहुंच रहा ईंधन का स्टॉक
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से पीछे से पर्याप्त स्टॉक नहीं पहुंच रहा है। इसी वजह से कई पंपों पर धीरे-धीरे ईंधन खत्म हो गया। कुछ पंपों ने सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल देना शुरू किया था, लेकिन बाद में पूरी तरह स्टॉक खत्म हो गया। सोमवार सुबह से कई वाहन चालक अलग-अलग पंपों के चक्कर लगाते रहे। कई जगह लंबी लाइनें भी देखने को मिलीं। लोगों का कहना है कि अचानक ईंधन खत्म होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शाम तक सप्लाई बहाल होने की उम्मीद
पंप संचालकों के मुताबिक तेल कंपनियों की तरफ से आज शाम तक नया स्टॉक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकती है। हालांकि प्रशासन की तरफ से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वाहन चालकों को सलाह दी जा रही है कि वह जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि सप्लाई समय पर नहीं पहुंची तो शहर के अन्य पेट्रोल पंपों पर भी दबाव बढ़ सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






