ग्रेटर नोएडा के गांव में शराब ठेका हटाने को लेकर पंचायत, किसान नेताओं और पुलिस में नोकझोंक, वीडियो वायरल
- Shiv Kumar
- 19 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र स्थित सालेपुर गांव में सोमवार को शराब का ठेका हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों और किसान यूनियन बलराज के कार्यकर्ताओं ने पंचायत आयोजित की। पंचायत में गांव से शराब की दुकान हटाने को लेकर सर्वसम्मति से फैसला लिया गया। ग्रामीणों ने ठेका संचालक को दुकान हटाने के लिए कुछ घंटों का समय भी दिया। पंचायत के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान संगठन के लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब की बिक्री बढ़ने से युवा इसकी लत का शिकार हो रहे हैं, जिससे परिवारों में विवाद बढ़ रहे हैं और सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। लोगों का आरोप है कि शराब के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और कई लोग बीमारियों की चपेट में भी आ रहे हैं। इसी वजह से गांव के लोगों ने मिलकर शराब ठेका हटाने की मांग उठाई है।
पुलिस पहुंची तो किसान नेताओं से हुई बहस
पंचायत की सूचना मिलने पर दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान किसान नेताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में किसान नेता पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और पंचायत समाप्त कर दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
ठेका नहीं हटने पर आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों और किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि गांव से शराब का ठेका नहीं हटाया गया तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। पंचायत में शामिल लोगों का कहना है कि गांव के बीच शराब की दुकान होने से महिलाओं और बच्चों पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की आबादी से दूर शराब का ठेका शिफ्ट किया जाए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






