ग्रेटर नोएडा में महंगाई और नीट पेपर लीक को लेकर सपा का प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
- Shiv Kumar
- 19 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के दादरी में समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी तथा नीट पेपर लीक मामले को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर दादरी की सड़कों पर पैदल मार्च निकाला और सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी की कमर टूट चुकी है और सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि बीते कुछ दिनों में डीजल, पेट्रोल, सीएनजी और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़े हैं। इससे परिवहन से लेकर रोजमर्रा के सामान तक की कीमतों में असर देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि महंगाई की वजह से आम परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सिर्फ बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। प्रदर्शन के दौरान दादरी क्षेत्र में काफी देर तक राजनीतिक माहौल गर्म बना रहा और पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए रही।
NEET पेपर लीक को लेकर सरकार पर हमला
समाजवादी पार्टी ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है और युवाओं का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठता जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी
सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। घरेलू जरूरतों का सामान भी महंगा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया और छात्रों के मुद्दों पर गंभीर कदम नहीं उठाए, तो समाजवादी पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






