भीषण गर्मी से अलर्ट पर प्रशासन, नोएडा में इंसानों के साथ जानवर भी हुए परेशान, बंदर ने स्विमिंग पूल में लगाई छलांग
- Shiv Kumar
- 19 May, 2026
नोएडा समेत पूरे एनसीआर में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इसी बीच जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। बाहर निकलते समय छाता, टोपी, गमछा और पानी की बोतल साथ रखने की सलाह दी गई है। लोगों को हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
लोगों को खानपान और स्वास्थ्य को लेकर दी गई सलाह
आपदा प्रबंधन विभाग की एडवाइजरी में कहा गया है कि गर्मी के दौरान ताजा और हल्का भोजन करना चाहिए। खीरा, ककड़ी, तरबूज जैसे मौसमी फलों का सेवन अधिक करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही लस्सी, नींबू पानी, छाछ, आम का पन्ना और गन्ने के रस जैसे तरल पदार्थ ज्यादा मात्रा में लेने को कहा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, सिर दर्द, उल्टी, घबराहट, शरीर भारी लगना या बेहोशी जैसी समस्या महसूस हो तो उसे तुरंत छांव में आराम करवाया जाए और जरूरत पड़ने पर 108 एम्बुलेंस सेवा का इस्तेमाल किया जाए। प्रशासन ने लोगों से ज्यादा तेल मसाले वाला भोजन, शराब और अधिक चाय-कॉफी के सेवन से बचने की अपील की है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती है।
भीषण गर्मी से परेशान बंदर ने स्विमिंग पूल में लगाई छलांग
भीषण गर्मी का असर अब जानवरों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। नोएडा के सेक्टर-128 स्थित जेपी विशटाउन सोसाइटी में एक बंदर गर्मी से राहत पाने के लिए स्विमिंग पूल में उतर गया। बंदर काफी देर तक पानी में तैरता रहा। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सेक्टर-126 थाना क्षेत्र का है। वीडियो में बंदर आराम से पानी में घूमता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी का असर अब इंसानों के साथ-साथ जानवरों पर भी पड़ रहा है। वहीं कुछ लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर जानवरों के लिए पानी की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






