ग्रेटर नोएडा में नाली विवाद में हुई साजन भाटी की हत्या का मामला, फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

top-news
ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में नाली विवाद के दौरान हुई साजन भाटी की हत्या मामले में फरार आरोपी नैमपाल उर्फ मैमपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।

ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में नाली विवाद के दौरान हुई साजन भाटी की हत्या के मामले में सूरजपुर थाना पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी नैमपाल उर्फ मैमपाल को मोजरबियर गोलचक्कर के पास से दबोचा। इस मामले में पहले ही दो सगे भाई वीर सिंह, मंगेश उर्फ टिल्लू और उनकी मां वीरमती को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। गांव में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ था। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से पुलिस को आरोपी की लोकेशन मिली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


नाली और कूड़ा जलाने के विवाद में चली थीं गोलियां

पुलिस के मुताबिक 5 और 6 मई की रात साकीपुर गांव में नाली के पानी की निकासी और कूड़ा डालने को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि विवाद उस समय बढ़ गया जब नाली के पास पड़े कचरे को जलाने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई और आरोपियों ने साजन भाटी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से साजन गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतक के परिजनों की शिकायत पर सूरजपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।


लोकल इंटेलिजेंस की मदद से दबोचा गया आरोपी

सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हत्या के मामले में फरार आरोपी नैमपाल उर्फ मैमपाल की लगातार तलाश की जा रही थी। मंगलवार को पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से उसे मोजरबियर गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार हत्या के इस मामले में मु0अ0सं0 243/2026 के तहत धारा 103(1), 115(2), 352, 351(3) और 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना के दौरान और कौन-कौन लोग मौके पर मौजूद थे। गांव में दोबारा किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *