Mahakumbh में फिर आग से मचा हाहाकार, चौथी आग के बाद हुआ लाखों का नुकसान, पढ़ें
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है. इस बार ये आग महाकुंभ के सेक्टर 19 में कल्पवासियों द्वारा खाली किए गए टेंटों में लग गई है.
- Rishabh Chhabra
- 15 Feb, 2025
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है. इस बार ये आग महाकुंभ के सेक्टर 19 में कल्पवासियों द्वारा खाली किए गए टेंटों में लग गई है. जिसके चलते आग ने कई टेंटों को अपनी चपेट में ले लिया है. गनीमत रही कि इस घटना से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है.
नहीं हुई कोई जनहानी- डीआईजी महाकुंभ
वहीं मेला क्षेत्र में आग लगने के मामले को लेकर डीआईजी महाकुंभ वैभव कृष्ण ने कहा कि आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया गया है. सेक्टर 19 में कल्पवासियों द्वारा खाली किए गए कुछ पुराने टेंटों में आग लग गई है. इस दौरान किसी की जान का नुकसान या कोई घायल नहीं हुआ है.
28 दिनों में चौथी बार लगी है आग
बता दें कि महाकुंभ में आग लगने की ये कोई पहली घटना नहीं है. पिछले 28 दिन में मेला क्षेत्र में आग लगने की ये चौथी घटना हुई है. मेला क्षेत्र में आग लगने की पहली घटना 19 जनवरी को जब सेक्टर 19 में गीता प्रेस के कैंप में लगी थी. जिससे कई टेंट जलकर खाक हो गए थे. इसके बाद 30 जनवरी को सेक्टर 22 में आग लग गई थी. जिसमें तकरीबन एक दर्जन से अधिक टेंट आग की चपेट में आ गए थे. इसके बाद 7 फरवरी को सेक्टर-18 में आग लगने से कई पंडाल जल गए थे.
साधु-संतों के खाली पड़े टेंट, भीड़ का आना जारी
दरअसल मेला क्षेत्र से अधिकतर साधु संत कल्पावास पूरा होने के बाद वापस लौट चुके हैं. उनके जाने के बाद जहां वो लोग रह रहे थे, वो टेंट खाली हो गए हैं. महाकुंभ में स्नान के लिए लोगों की भीड़ पहुंच जरूर रही है, लेकिन ये भीड़ स्नान करके वापस लौट रही है. इसके चलते पहले की तुलना में भीड़ काफी कम है. फिलहाल भीड़ आने के कारण प्रशासन अभी भी पूरी तरह से मुस्तैद है. आग लगने जैसी घटना पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों की तैनाती कर दी गई है.
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






