दीपिका नागर मौत मामले में पड़ोसी ने कहा- ‘तेज आवाज सुनकर बाहर आया तो दीपिका जमीन पर पड़ी थी’, पति भागते हुए सीढ़ियों से उतरा
- Shiv Kumar
- 20 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में विवाहिता दीपिका नागर की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। अब इस मामले में एक चश्मदीद गवाह का बयान सामने आया है, जिसने घटना वाली रात का पूरा घटनाक्रम बताया है। पड़ोस में रहने वाले गुलजार चौधरी ने दावा किया कि रात में तेज आवाज सुनकर वह घर से बाहर निकले थे। बाहर पहुंचने पर उन्होंने दीपिका को जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत परिवार और आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें शारदा अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस अब गवाहों के बयान और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
‘लोहे के जाल पर गिरी थीं दीपिका’
गुलजार चौधरी के मुताबिक घटना वाली रात वह अपने घर में मौजूद थे। अचानक बाहर किसी भारी चीज के गिरने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही वह बाहर पहुंचे तो देखा कि एक महिला सड़क किनारे जमीन पर गिरी हुई थी। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि वह सामने रहने वाले ऋतिक की पत्नी दीपिका थीं। गुलजार ने बताया कि दीपिका लोहे के जाल पर गिरी थीं और उनका चेहरा जमीन की तरफ था। उसी दौरान ऋतिक भी ऊपर की मंजिल से तेजी से नीचे आए और महिला को गाड़ी में डालकर अस्पताल ले जाने की बात कही। घटना के समय रात करीब 12:30 बजे का समय बताया जा रहा है।
घर में सिर्फ परिवार के लोग मौजूद थे
गवाह गुलजार चौधरी ने बताया कि घटना के वक्त घर में कोई बाहरी व्यक्ति मौजूद नहीं था। उन्होंने ऋतिक को सीढ़ियों से नीचे उतरते देखा था। घर का दरवाजा ऋतिक की बहन ने खोला और दीपिका को देखकर जोर-जोर से चीखने लगी। कुछ देर बाद ऋतिक के पिता भी बाहर आ गए। गुलजार का कहना है कि घटना के बाद वह खुद ऊपर जाकर भी देख आए थे। उस समय घर में सिर्फ ऋतिक, उनकी बहन और पिता मौजूद थे। पुलिस अब इन बयानों को जांच का अहम हिस्सा मानकर पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई गंभीर चोटों की पुष्टि
इस मामले में पहले सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक दीपिका के शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटों के निशान मिले हैं। सिर में खून का थक्का जमने, तिल्ली फटने और शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोट की पुष्टि हुई है। वहीं गुलजार चौधरी ने यह भी दावा किया कि दीपिका के ससुर मनोज प्रधान उनके लिए स्कूल बनवाना चाहते थे। दीपिका ने बीएड की पढ़ाई की थी और परिवार उन्हें स्कूल संचालन की जिम्मेदारी देने की योजना बना रहा था। पुलिस अब फॉरेंसिक रिपोर्ट, मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






