ग्रेटर नोएडा में विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही, गली में पड़ा बिजली का नंगा तार, हादसे के डर से दहशत में लोग

top-news
दादरी की गुप्ता कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट के बाद बिजली का जर्जर तार टूटकर गली में गिर गया। घंटों तक खुले में पड़ा तार लोगों के लिए खतरा बना रहा। शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। वार्ड नंबर 25 स्थित गुप्ता कॉलोनी में बिजली का जर्जर तार टूटकर गली में गिर गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट के कारण तार टूटकर नीचे गिरा और कई घंटों से खुले में पड़ा हुआ है। इसके बावजूद विद्युत विभाग की ओर से समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोग लगातार किसी बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं।


शिकायत के बाद भी नहीं पहुंची टीम

स्थानीय निवासियों के मुताबिक तार टूटने के तुरंत बाद विभाग को सूचना दे दी गई थी, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। गली में बच्चे और बुजुर्ग लगातार आवाजाही करते हैं, ऐसे में खुले में पड़ा बिजली का तार खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली व्यवस्था चरमराने से लोगों में विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।


दादरी में बार-बार टूट रहे बिजली के तार

इलाके के लोगों ने आरोप लगाया कि दादरी में पुराने और जर्जर तारों की वजह से आए दिन ऐसे मामले सामने आते हैं। गर्मी बढ़ने के साथ बिजली लोड भी बढ़ गया है, लेकिन विभाग समय रहते लाइनों की मरम्मत और रखरखाव नहीं कर रहा। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जाता। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


भीषण गर्मी में बढ़ी लोगों की परेशानी

भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था खराब होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ बिजली कटौती और दूसरी तरफ टूटे तारों का खतरा लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि विभाग तुरंत टूटे तार को हटाकर नई लाइन डाले और पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था की जांच कराए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *