ग्रेटर नोएडा में चोरों के हौसले बुलंद, फैक्ट्री से लाखों के पीतल पार्ट्स चोरी, डीवीआर भी ले गए बदमाश, जांच में जुटी पुलिस

top-news
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थर्ड क्षेत्र में ब्रास पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में लाखों रुपये की चोरी हुई। बदमाश ताला तोड़कर पीतल के पार्ट्स और अन्य सामान ले गए। चोर सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ब्रास पार्ट्स बनाने वाली कंपनी को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उद्योग केंद्र-1 स्थित प्लॉट नंबर 391 में अज्ञात बदमाश फैक्ट्री का ताला तोड़कर अंदर घुसे और पीतल के पार्ट्स समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।


गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर

जानकारी के मुताबिक, चोर देर रात फैक्ट्री के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने फैक्ट्री में रखे लाखों रुपये कीमत के ब्रास पार्ट्स और अन्य सामान को निशाना बनाया। सुबह जब कर्मचारी फैक्ट्री पहुंचे तो गेट का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री संचालकों में हड़कंप मच गया।


सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए बदमाश

शातिर चोर अपने साथ फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चोरी कर ले गए, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। माना जा रहा है कि बदमाश पहले से फैक्ट्री की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी रखते थे। फैक्ट्री मालिक ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। चोरी की घटना के बाद आसपास की फैक्ट्रियों में भी दहशत का माहौल है।


पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा पर उठे सवाल

ईकोटेक थर्ड थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है। औद्योगिक क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से उद्यमियों में नाराजगी है। कारोबारियों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *