दहेज हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मिले विधायक तेजपाल नागर, दो और आरोपी गिरफ्तार

top-news
ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में दीपिका नागर दहेज हत्या मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दादरी विधायक तेजपाल नागर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में नवविवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। दहेज हत्या के आरोपों के बीच बुधवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष लंबे समय से दहेज में 50 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर दीपिका को प्रताड़ित किया जाता था। घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। विधायक तेजपाल नागर बादलपुर थाना क्षेत्र के कुड़ी खेड़ा गांव स्थित मृतका के घर पहुंचे और परिवार से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले में कार्रवाई करते हुए ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में चचेरे ससुर विनोद और सास पूनम शामिल हैं। इससे पहले पुलिस मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने बताया कि 17 मई 2026 को दीपिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए, जिसके बाद लगातार गिरफ्तारियां की जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।


ने लगाए गंभीर आरोप

दीपिका के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। परिवार का आरोप है कि आरोपी लगातार बड़ी रकम और लग्जरी गाड़ी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर दीपिका के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। घटना के बाद परिवार ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है। वहीं विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी मामले में तेजी से जांच पूरी करने को कहा। इस घटना के बाद इलाके में दहेज प्रथा को लेकर फिर बहस तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *