नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दहेज उत्पीड़न मामले में सास गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
- Shiv Kumar
- 20 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से वांछित अभियुक्ता पूनम पत्नी मनोज को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार यह मामला दहेज उत्पीड़न से जुड़ा है, जिसमें विवाहिता की मौत के बाद मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई थी। इस मामले ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पहले पति और ससुर जा चुके हैं जेल
पुलिस के मुताबिक 17 मई 2026 को थाना ईकोटेक तृतीय क्षेत्र में विवाहिता की मौत का मामला सामने आया था। जांच में दहेज उत्पीड़न की बात सामने आने के बाद थाना ईकोटेक-3 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 80(2) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में सबसे पहले 18 मई को मृतका के ससुर मनोज और पति रितिक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद पुलिस ने 20 मई को मृतका के चचिया ससुर विनोद को भी गिरफ्तार कर लिया। अब इसी कड़ी में पुलिस ने सास पूनम को भी हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही अन्य आरोपियों की तलाश
ईकोटेक-3 थाना पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना लगातार जारी है और अन्य वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों और सबूतों को जुटाकर कार्रवाई कर रही है। वहीं मृतका के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दहेज उत्पीड़न से जुड़ी घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन भी गंभीर नजर आ रहा है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






