ग्रेटर नोएडा में बदमाशों ने ड्यूटी पर जा रहे युवक को बनाया निशाना, मारी 6 गोली, इलाके में मचा हड़कंप

top-news
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थर्ड क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे युवक दीपक नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आपसी रंजिश की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वैदपुरा गांव निवासी 28 वर्षीय दीपक नागर को अज्ञात बदमाशों ने उस समय निशाना बनाया, जब वह बाइक से अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के मुताबिक हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और गांव से बाहर निकलते ही उन्होंने दीपक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।


ड्यूटी के लिए निकले थे दीपक नागर

जानकारी के अनुसार दीपक नागर दिल्ली में आईजीएल पंप के अग्निशमन विभाग में कार्यरत थे और रात की ड्यूटी करते थे। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह गाजीपुर स्थित कंपनी में ड्यूटी करने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह गांव से बाहर पहुंचे, बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। ग्रामीणों के अनुसार हमलावरों ने दीपक पर पांच से छह राउंड फायर किए। गोली लगते ही दीपक सड़क पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल दीपक को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही ईकोटेक थर्ड थाना पुलिस और सेंट्रल जोन के पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने देर रात तक घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। डीसीपी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *