ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, मामा-भांजी की मौत, महिला गंभीर रुप से घायल

top-news
ग्रेटर नोएडा के दादरी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से मामा और पांच वर्षीय भांजी की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में मामा और उसकी पांच वर्षीय भांजी की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा जीटी रोड पर दादरी बाईपास स्थित एनटीपीसी अंडरपास के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मामा और मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।


बहन और भांजी को लेकर जा रहा था गाजियाबाद

जानकारी के मुताबिक बुलंदशहर निवासी शहजाद अपनी बहन और पांच वर्षीय भांजी को मोटरसाइकिल से गाजियाबाद के डासना लेकर जा रहा था। बुधवार को जैसे ही वे दादरी बाईपास के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक शहजाद और उसकी भांजी की मौत हो चुकी थी। घायल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।


फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

दादरी एसीपी प्रशाली गंगवार ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *