फॉरच्यूनर पर पुलिस लोगो और हूटर का रौब, ग्रेटर नोएडा के सोसाइटी में मचा विवाद

top-news
ग्रेटर नोएडा की मिग्सन ट्विन्स सोसाइटी में बिना नंबर प्लेट और पुलिस लोगो लगी फॉरच्यूनर कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। रेजिडेंट्स ने हूटर और सायरन बजाकर रौब दिखाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की, लेकिन अब तक कार्रवाई न होने से नाराजगी बढ़ गई है।

ग्रेटर नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी में फॉरच्यूनर कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि बिना नंबर प्लेट और ब्लैक शीशों वाली एक फॉरच्यूनर कार पर उत्तर प्रदेश पुलिस का लोगो, फ्लैशर लाइट और हूटर लगाकर सड़कों पर रौब दिखाया जा रहा है। मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित मिग्सन ट्विन्स सोसाइटी का बताया जा रहा है। रेजिडेंट्स का कहना है कि कार चालक लगातार हूटर और सायरन बजाकर सोसाइटी और आसपास के इलाके में घूमता है, जिससे लोगों में डर और नाराजगी दोनों का माहौल है। लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार पुलिस चौकी और थाने में शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस पूरे मामले को लेकर सोसाइटी के लोगों में पुलिस प्रशासन के रवैये को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


रेजिडेंट्स बोले- शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

सोसाइटी के लोगों का कहना है कि कई बार स्थानीय पुलिस को इस कार के बारे में जानकारी दी गई। आरोप है कि कार में न तो नंबर प्लेट लगी है और न ही नियमों के अनुसार कागजात प्रदर्शित किए गए हैं। इसके बावजूद वाहन खुलेआम हूटर और फ्लैशर का इस्तेमाल कर रहा है। रेजिडेंट्स के मुताबिक कुछ दिन पहले पुलिस की पीसीआर भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गई। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अगर आम व्यक्ति ऐसा करता तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होती, लेकिन इस मामले में ढिलाई बरती जा रही है। सोसाइटी के कई लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है।


पुलिस अधिकारी के बेटे से जुड़ी बताई जा रही कार

जानकारी के मुताबिक यह फॉरच्यूनर कार मुजफ्फरनगर में तैनात एक सर्कल ऑफिसर से जुड़ी बताई जा रही है। दावा किया जा रहा है कि पुलिस अधिकारी का बेटा मिग्सन ट्विन्स सोसाइटी में रहता है और उसी के इस्तेमाल में यह कार देखी जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लोगों का कहना है कि पुलिस का लोगो और हूटर केवल अधिकृत सरकारी वाहनों पर ही इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे में निजी इस्तेमाल में इस तरह के उपकरणों और पहचान चिह्नों का प्रयोग नियमों के खिलाफ है। अब देखना होगा कि शिकायतों के बाद पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाई जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *