नोएडा के लोटस ब्लूवर्ड सोसाइटी में लगी भीषण आग, मची अफरातफरी, चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
- Shiv Kumar
- 23 May, 2026
नोएडा के सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में शुक्रवार रात अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग सोसाइटी के टॉप फ्लोर पर बने एक फ्लैट में लगी, जिसकी वजह शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग की लपटें उठते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने-अपने फ्लैट छोड़कर बाहर निकल आए। स्थिति को देखते हुए सोसाइटी की बिजली सप्लाई तुरंत बंद कर दी गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फ्लैट में कोई फंसा नहीं था और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि आग की वजह से फ्लैट में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जल गया।
ऊंचाई की वजह से बुझाने में आई दिक्कत
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। फ्लैट ऊंचाई पर होने की वजह से दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ऐसे में बिल्डिंग में लगे फायर एक्सटिंग्विशर और फायर सिस्टम का भी इस्तेमाल किया गया। दमकल विभाग की टीम लगातार आग को अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोकने की कोशिश करती रही। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के फ्लैटों को भी खाली कराया गया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो सके।
सोसाइटी में दहशत, जांच जारी
आग लगने के बाद पूरी सोसाइटी में दहशत का माहौल देखने को मिला। लोग देर रात तक नीचे खड़े होकर स्थिति पर नजर बनाए रहे। दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहे और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की गई। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है और शॉर्ट सर्किट की आशंका को लेकर तकनीकी जांच भी कराई जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






