किसान एकता संघ का यमुना प्राधिकरण के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी, सुनवाई न होने पर सड़कों पर उतरेंगे
- Shiv Kumar
- 23 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के जहानाबाद गांव में शनिवार को किसान एकता संघ की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान के नेतृत्व में हुई, जिसमें किसानों की लंबित समस्याओं और यमुना प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई गई। बैठक में बड़ी संख्या में किसान और क्षेत्रीय लोग शामिल हुए। किसानों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से आबादी, बेकलीज और अन्य मुद्दों को लेकर सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
किसानों ने आंदोलन की दी चेतावनी
बैठक को संबोधित करते हुए चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को बार-बार भरोसा दिया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई दिखाई नहीं देती। इसी के विरोध में किसान एकता संघ जल्द ही बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने साफ कहा कि यह आंदोलन “आर या पार” की तर्ज पर होगा और किसानों के अधिकार मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
संगठन का हुआ विस्तार, नए पदाधिकारी नियुक्त
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए कई नए लोगों को सदस्यता दिलाई गई। सर्वसम्मति से इलियास अब्बासी को जहानाबाद गांव का ग्राम अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी नए पदाधिकारियों और सदस्यों को ईमानदारी और निष्ठा से किसानों के हित में काम करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान मुमताज अली ने बैठक की अध्यक्षता की, जबकि संचालन प्रदेश अध्यक्ष पंडित प्रमोद शर्मा ने किया। बैठक में उम्मेद एडवोकेट, मेहरबान अली, हेमराज बीडीसी, जेपी नागर, गोलू प्रधान, परवेज खान, जोरा भाटी, नाजिम त्यागी, फरमान त्यागी, वकील, शाहरुख खान, गौरव गौतम और इमलाक हसरत समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






