नोएडा एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, तीन गंभीर रूप से घायल, दिल्ली से हरिद्वार घूमने जा रहे थे
- Shiv Kumar
- 25 May, 2026
नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक तीनों युवक-युवती एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दिल्ली से हरिद्वार घूमने जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-18 एलिवेटेड रोड से सेक्टर-60 की तरफ जाते समय बाइक अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान युवक की मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने लोकेश पुत्र सुरेशानंद निवासी गली नंबर-63, बदरपुर, नई दिल्ली को मृत घोषित कर दिया।
वहीं अमित कुमार निवासी दयाल नगर, फरीदाबाद और पिंकी शर्मा निवासी नेशन हट, फरीदाबाद का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और बाइक का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एलिवेटेड रोड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराया। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






