लूट के बाद भाग रहे बदमाश से दादरी पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने पर गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 26 May, 2026
नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कॉम्बिंग कर रही है। पुलिस के मुताबिक 20 और 21 मई की रात एक पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में अपने घर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने उसे सवारी के बहाने अपनी कार में बैठाया और साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पेरीफेरल अंडरपास के पास हुई मुठभेड़
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी चिटहरा नहर के पास मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान रंजीत कुमार पुत्र रामसेवक निवासी ग्राम जिटोली, थाना निधौली कलां, जिला एटा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार बरामद की है।
दो साथी फरार, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस ने बताया कि आरोपी के दो साथी मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दादरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






