शादी से इनकार पर महिला की हत्या करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

top-news
नोएडा के हरौला गांव में प्रेम प्रसंग के चलते परिवार पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। हमले में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए थे।

नोएडा के हरौला गांव में प्रेम प्रसंग के चलते परिवार पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शनिवार देर रात अपनी प्रेमिका के परिवार पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उसके पति और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी और आखिरकार रविवार देर रात थाना फेस-1 क्षेत्र में उसकी गिरफ्तारी हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी हरनाम सिंह हरौला गांव में किराए पर रहकर एसी सर्विसिंग की दुकान चलाता था और घायल युवती ज्योति से उसका प्रेम संबंध था। परिवार द्वारा शादी से इनकार करने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया।


छत पर सो रहे परिवार पर किया था हमला

पुलिस के मुताबिक बिहार के छपरा निवासी सुरेंद्र शर्मा अपने परिवार के साथ हरौला गांव के बी ब्लॉक में किराए पर रहते हैं। परिवार में पत्नी संजू देवी और बेटियां ज्योति व जूली शामिल हैं। शनिवार रात परिवार मकान की पहली मंजिल की छत पर सो रहा था। आरोप है कि देर रात हरनाम सिंह वहां पहुंचा और सो रहे परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में 40 वर्षीय संजू देवी के शरीर पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ज्योति के सीने में चाकू लगा, जबकि उसकी बहन जूली के पैर में गंभीर चोट आई। पिता सुरेंद्र शर्मा भी घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो चुका था। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा आरोपी

पुलिस ने बताया कि थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-14 गंदे नाले की पटरी के पास चेकिंग के दौरान आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छूरा, एक तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *