ग्रेटर नोएडा में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार ने दुकान मालिक पर लगाए गंभीर आरोप

top-news
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक का शव पार्क में फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने दुकान मालिक पर प्रताड़ना, मारपीट और झूठा चोरी का आरोप लगाकर मानसिक तनाव देने का आरोप लगाया है।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का शव एक पार्क में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान महोबा निवासी 22 वर्षीय शिवम के रूप में हुई है, जो बीटा-1 स्थित श्याम ट्रेडर्स पर नौकरी करता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने दुकान मालिक पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और परिजनों से मिली शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।


चोरी का आरोप लगाकर प्रताड़ित करने का आरोप

मृतक की मां का आरोप है कि उनके बेटे पर दुकान मालिक ने चोरी का झूठा आरोप लगाया था। परिवार का कहना है कि शिवम को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवम का मोबाइल फोन और बाइक भी छीन ली गई थी। इसी वजह से वह कई दिनों से तनाव में चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी वह मानसिक रूप से परेशान होकर घर से निकला था। कुछ देर बाद उसका शव पार्क में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को जानकारी दी गई।


गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने की चेतावनी

घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी दुकान मालिक की गिरफ्तारी की मांग की है। परिवार ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी आरोपों की पड़ताल की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *