जनगणना कार्य में लापरवाही पर नोएडा प्राधिकरण सख्त, कर्मचारियों पर होगी एफआईआर

top-news
नोएडा प्राधिकरण ने जनगणना-2027 के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है। तय समय तक काम शुरू नहीं करने पर जनगणना अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी।

नोएडा। जनगणना-2027 के पहले चरण के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपना लिया है। प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य की समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तय समय तक कार्य शुरू नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम-1948 की धारा-5 और धारा-11 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जनगणना जैसा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य किसी भी तरह की लापरवाही से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि समय सीमा के बाद सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


700 प्रगणकों ने अब तक नहीं लिया सामग्री

प्राधिकरण के अनुसार 22 मई 2026 से जनगणना कार्य शुरू किया गया है। इसके लिए नोएडा क्षेत्र में कुल 2281 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। कार्य को पूरा करने के लिए 2046 प्रगणक और 341 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने अब तक जनगणना सामग्री प्राप्त नहीं की और न ही कार्य शुरू किया। समीक्षा में सामने आया कि करीब 700 प्रगणक और 140 पर्यवेक्षक लगातार निर्देश दिए जाने के बाद भी लापरवाही बरत रहे हैं। अधिकारियों द्वारा फोन कॉल, संदेश और व्हाट्सऐप के जरिए कई बार सूचना भेजी गई, लेकिन फिर भी कर्मचारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई।


दोपहर 12 बजे तक का अंतिम समय

सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने माना कि कई स्तरों पर उदासीनता के कारण जनगणना कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके बाद सीईओ ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 26 मई दोपहर 12 बजे तक सभी कर्मचारी सामग्री प्राप्त कर कार्य शुरू करें। तय समय के बाद भी काम शुरू नहीं करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी ताकि जनगणना कार्य समय पर पूरा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *