600 रुपये के विवाद में ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी को भी पीटा

top-news
अलीगढ़ में 600 रुपये के विवाद में ऑटो चालक यामीन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बचाने आई पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र में 600 रुपये के विवाद में ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना सारसौल पुलिस चौकी के पीछे स्थित मोहल्ला मधूमिल की है। मृतक की पहचान यामीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यामीन की तबीयत खराब थी और उसकी पत्नी सलमा उन्हें डॉक्टर के पास ले जा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने रास्ता रोक लिया और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने यामीन को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


600 रुपये को लेकर हुआ था विवाद

मृतक की पत्नी सलमा और भाई यासीन के मुताबिक, यामीन पड़ोसी मुनीस, अनीस और नफीस का ऑटो किराये पर चलाता था। आरोप है कि इन लोगों की मां को यामीन कई बार ऑटो से लाने-ले जाने का काम कर चुका था। इसके बदले उसका मेहनताना नहीं दिया गया। इसी को लेकर यामीन ने 600 रुपये किराये के रोक लिए थे। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने अपने परिवार की महिलाओं के साथ मिलकर यामीन का रास्ता रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। जब सलमा ने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई।


थाने में ही तोड़ दिया दम

परिजनों का आरोप है कि हमलावर यामीन को अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पत्नी और भाई घायल यामीन को लेकर पुलिस थाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि थाने में पुलिस के सामने ही यामीन ने दम तोड़ दिया। पुलिस उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *