ग्रेटर नोएडा में मुठभेड़, पुलिस ने आरोपी को पैर में गोली मारकर किया लंगड़ा, तमंचा और बाइक बरामद
- Shiv Kumar
- 27 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ बुलंदशहर बॉर्डर स्थित समाना नहर के पास चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस को देखकर बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में बदमाश शहजाद गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश की पहचान जारचा थाना क्षेत्र के कलौंदा गांव निवासी शहजाद के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
जारचा पुलिस बुलंदशहर बॉर्डर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक रुकने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
दर्जनों मुकदमों में वांछित है आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल बदमाश शहजाद पर बुलंदशहर समेत कई जिलों के थानों में दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर लूट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






