तेरहवीं से लौट रहे बाप-बेटे, रास्ते में हो गया कुछ ऐसा, हिल गया हर कोई, यह है पूरा मामला
- Shiv Kumar
- 27 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब परिवार तेरहवीं संस्कार में शामिल होकर बाइक से वापस घर लौट रहा था। पुलिस के मुताबिक अलीगढ़ जिले के मानपुर गांव निवासी ओमप्रकाश (51), उनकी पत्नी देवेंद्री (47) और बेटा अंकित (22) मंगलवार को घोड़ी बझेड़ा गांव से लौट रहे थे। परिवार अपने रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने आया था।
सुबरा और चचूरा के बीच नहर पटरी पर हादसा
हादसा गांव सुबरा और चचूरा के बीच नहर पटरी मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करते समय बाइक आगे चल रहे डंपर से पीछे से टकरा गई। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने भी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को ककोड़ के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ओमप्रकाश और अंकित को मृत घोषित कर दिया।
महिला की हालत गंभीर
घायल देवेंद्री की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बुलंदशहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






