नोएडा के मोरना गांव में कबाड़ की दुकानों में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप, दमकल की चार गाड़ियों ने पाया काबू
- Shiv Kumar
- 28 May, 2026
नोएडा। सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के मोरना गांव में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कबाड़ की दो दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ऊंची लपटें और काला धुआं पूरे इलाके में दिखाई देने लगा। आसपास के लोग घबराकर दुकानों और घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और फायर विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि दुकानों में रखा काफी सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
ज्वलनशील पदार्थ से आग लगने की आशंका
फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मोरना गांव में टीन शेड के अंदर कबाड़ की दो दुकानें संचालित हो रही थीं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी ज्वलनशील पदार्थ की वजह से आग लगी होगी। कबाड़ में प्लास्टिक, रबर और अन्य सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरे इलाके में काला धुआं छा गया। धुएं का गुबार काफी दूर से देखा जा सकता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगते ही इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। कुछ लोगों ने खुद आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई। इसके बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले।
दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे। पुलिस ने भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाया ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका। सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि आग पूरी तरह नियंत्रण में है और अब आग लगने के असली कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीम इलाके में निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






