नोएडा में आंधी-बारिश से मिली गर्मी से राहत, कई जगह पेड़-पोल गिरने से बढ़ी परेशानी, अभी अगले 2 दिन तक अलर्ट!
- Shiv Kumar
- 29 May, 2026
नोएडा | भीषण गर्मी से परेशान नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को गुरुवार शाम तेज आंधी और बारिश से राहत मिली। मौसम अचानक बदलने से तापमान 40 डिग्री से नीचे पहुंच गया। हालांकि तेज हवाओं और बारिश ने कई इलाकों में परेशानी भी खड़ी कर दी। कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जबकि अलग-अलग हादसों में दो बच्चे घायल हो गए। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
तेज हवाओं से कई इलाकों में बिगड़े हालात
शाम के समय अचानक मौसम बदला और करीब 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद शुरू हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हो गया। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए। अल्फा-2 क्षेत्र में बिजली का पोल गिरने से सप्लाई बाधित हो गई। एनपीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल हटाकर मरम्मत कार्य शुरू कराया। कई सेक्टरों और गांवों में तीन से चार घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही।
आंधी के दौरान दो बच्चे घायल हुए
तेज आंधी के दौरान दो अलग-अलग हादसों में किशोर घायल हो गए। थाना बिसरख क्षेत्र की एक सोसाइटी में बोर्ड गिरने से 16 वर्षीय किशोर घायल हो गया। वहीं सेक्टर-63 के चोटपुर इलाके में निर्माणाधीन मकान से ईंट गिरने से 15 साल का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठाए हैं।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक नोएडा और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग का कहना है कि तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






