BREAKING: ग्रेटर नोएडा में मोबाइल टॉवर से गिरकर इंजीनियर की मौत, सेफ्टी बेल्ट का लॉक टूटने से हादसा, सिग्नल चेक करने चढ़ा था 190 फीट ऊपर

top-news
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एयरटेल के मोबाइल टॉवर पर काम कर रहे नेटवर्क इंजीनियर की सेफ्टी बेल्ट का लॉक टूटने से मौत हो गई। इंजीनियर करीब 190 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में मोबाइल नेटवर्क इंजीनियर की मौत हो गई। इंजीनियर एयरटेल के मोबाइल टॉवर पर चढ़कर नेटवर्क की तकनीकी जांच कर रहा था, तभी अचानक उसकी सेफ्टी बेल्ट का लॉक टूट गया और वह करीब 190 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


हादसा रबूपुरा थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में हुआ। मृतक की पहचान फिरोजाबाद जिले के धर्मपुर गांव निवासी शांतनु (30) के रूप में हुई है। वह Airtel में नेटवर्क इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि इलाके में मोबाइल नेटवर्क प्रभावित होने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद शांतनु अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शांतनु टॉवर पर चढ़कर सिग्नल की तकनीकी जांच कर रहे थे। इसी दौरान उनकी सेफ्टी बेल्ट का लॉक अचानक खुल गया और वह सीधे नीचे जमीन पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद उनके साथियों ने पुलिस को सूचना दी और उन्हें कासना स्थित जिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही शांतनु के परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय थाना पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा उपकरणों में कोई तकनीकी खामी तो नहीं थी। इस हादसे के बाद मोबाइल टॉवर पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ऊंचाई पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सेफ्टी बेल्ट और अन्य उपकरण सबसे अहम सुरक्षा साधन माने जाते हैं। ऐसे में लॉक टूटने जैसी घटना ने लापरवाही की आशंका भी बढ़ा दी है।


आगरा में भी हो चुका है ऐसा हादसा

इसी महीने 24 मई को आगरा में भी सेफ्टी बेल्ट टूटने से एक किशोर की मौत हो गई थी। फिरोजाबाद के 16 वर्षीय कुनाल की जिप लाइन झूले से गिरने के बाद मौत हो गई थी। बताया गया था कि झूले के दौरान उसकी सेफ्टी बेल्ट का हुक टूट गया था, जिससे वह करीब 45 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया था। उस समय कुनाल का परिवार आगरा घूमने आया था और हादसे का वीडियो भी परिवार के मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हो गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *