गौतमबुद्धनगर में 31 मई को 17 केंद्रों पर होगी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा, तैयारियों को लेकर की गई समीक्षा बैठक

top-news
31 मई 2026 को होने वाली संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर नोएडा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। परीक्षा 17 केंद्रों पर दो पालियों में होगी और प्रशासन ने नकलविहीन परीक्षा के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।

गौतमबुद्धनगर। 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद के 17 केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने की।


बैठक में सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ परीक्षा की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या सामने न आए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।


केंद्र व्यवस्थापक गाइडलाइन का करें पालन

अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा से पहले निर्धारित गाइडलाइन का गहन अध्ययन कर लें। उन्होंने निर्देश दिए कि सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों। उन्होंने कहा कि यदि किसी केंद्र पर कोई तकनीकी या व्यवस्थागत कमी सामने आती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाए। अधिकारियों को समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी निभाने के भी निर्देश दिए गए। प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन बनाने पर विशेष जोर दिया है।


इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की होगी सख्त जांच

बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। खास तौर पर परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के दौरान इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की सघन जांच करने को कहा गया है, ताकि कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर न ले जा सके। बैठक में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से आए प्रोफेसरों ने भी अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़ी गाइडलाइन और मानकों की जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू ढंग से संचालित करने के लिए जरूरी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *