नोएडा के सॉफ्टवेयर इंजीनियर का चौथे दिन भी नहीं मिला सुराग, पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर जारी सर्च ऑपरेशन, ड्रोन से हो रही तलाश
- Shiv Kumar
- 01 Jun, 2026
नोएडा निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक से लौटते समय लापता हुए चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। 28 मई से SDRF, NDRF, पुलिस, फायर सर्विस और वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार खोज अभियान चला रही हैं। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने तलाश तेज कर दी है। अब ड्रोन कैमरों की मदद से गहरी खाइयों और जंगलों की निगरानी की जा रही है। अभिषेक के परिजन भी बागेश्वर पहुंच चुके हैं और लगातार प्रशासन से संपर्क में हैं। अधिकारियों का कहना है कि हर संभव प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
फोटोग्राफी के लिए रुके थे अभिषेक, फिर हो गए लापता
28 वर्षीय अभिषेक चौहान मूल रूप से सहारनपुर के रहने वाले हैं, जबकि उनका परिवार नोएडा में निवास करता है। वह गुजरात की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार अभिषेक अपने तीन दोस्तों और स्थानीय गाइड आनंद राम के साथ पिंडारी ट्रैक पर गए थे। 29 मई को वापसी के दौरान मलियाधोड़ क्षेत्र के पास उन्होंने फोटोग्राफी के लिए रुकने की बात कही और गाइड को आगे स्थित मैगी पॉइंट पर इंतजार करने के लिए कहा। काफी देर तक नहीं पहुंचने पर गाइड वापस तलाश करने गया, लेकिन अभिषेक का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना वन विभाग और प्रशासन को दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
नदी किनारे मिला कैमरा, मौसम बना चुनौती
खोज अभियान के दूसरे दिन रेस्क्यू टीम को मलियाधोड़ के पास नदी किनारे अभिषेक का कैमरा बरामद हुआ। हालांकि कैमरे के अलावा कोई अन्य सुराग नहीं मिला है। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं है और भूभाग अत्यंत दुर्गम है। लगातार बारिश के कारण ट्रैक मार्ग पर पड़ने वाली कई नदियां उफान पर हैं, जिससे अभियान प्रभावित हो रहा है। खराब मौसम के चलते हेलिकॉप्टर का उपयोग भी फिलहाल संभव नहीं हो पा रहा है। पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद से ही सभी एजेंसियां संयुक्त रूप से तलाश में जुटी हैं। स्थानीय ग्रामीणों की भी मदद ली जा रही है और उम्मीद है कि जल्द कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






