ग्रेटर नोएडा के एवीजे हाईट्स सोसायटी में बड़ा हादसा, बाथरूम की छत से गिरा प्लास्टर, परिवार ने आईआरपी व प्राधिकरण में दर्ज की शिकायत
- Shiv Kumar
- 01 Jun, 2026
ग्रेटर नोएडा के जीटा-1 सेक्टर स्थित एवीजे हाईट्स सोसायटी में रविवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। सोसायटी के फ्लैट नंबर आई-108 के बाथरूम की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि प्लास्टर गिरने से बाथरूम में लगी वॉशबेसिन और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार के अनुसार, यदि घटना के वक्त कोई सदस्य बाथरूम में होता तो गंभीर चोट लग सकती थी। हादसे के बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। निवासियों का कहना है कि सोसायटी में रखरखाव की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
सीलन की शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
फ्लैट में रहने वाले आर.के. शाही ने बताया कि रविवार को वह अपने परिवार के साथ दिल्ली गए हुए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि बाथरूम की छत का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर चुका है। उनका कहना है कि ऊपर स्थित फ्लैट नंबर 208 के बाथरूम में लंबे समय से सीलन की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में कई बार सोसायटी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
शाही ने बताया कि नियमित रूप से मेंटेनेंस चार्ज जमा करने के बावजूद सोसायटी में जरूरी मरम्मत और रखरखाव का काम नहीं कराया जा रहा है। अब उन्हें आशंका है कि छत का बाकी हिस्सा भी कभी भी गिर सकता है।
निवासियों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद न तो उचित निरीक्षण कराया जा रहा है और न ही संभावित खतरों को दूर करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। निवासियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और आईआरपी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने तथा सोसायटी की संरचनात्मक सुरक्षा की जांच कराने की मांग की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






