मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना में विषय विशेषज्ञों के लिए आवेदन शुरू, 15 जून तक कर सकेंगे आवेदन

top-news
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत गौतमबुद्धनगर में यूपीएससी, पीसीएस, पीसीएस-जे, नीट और जेईई की निःशुल्क कोचिंग के लिए विषय विशेषज्ञों से आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत गौतमबुद्धनगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग संचालित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए जिला समाज कल्याण विभाग ने यूपीएससी, यूपीपीसीएस, पीसीएस-जे, नीट और जेईई जैसी प्रमुख परीक्षाओं की तैयारी कराने हेतु विषय विशेषज्ञों, अतिथि व्याख्याताओं और प्रवक्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित विशेषज्ञों के माध्यम से अभ्यर्थियों को निशुल्क गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।


यूपीएससी, पीसीएस और न्यायिक सेवा के लिए चाहिए विशेषज्ञ

जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि सिविल सेवा और न्यायिक सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए भूगोल, इतिहास, भारतीय समाज, भारतीय राजव्यवस्था एवं गवर्नेंस, अंतरराष्ट्रीय संबंध, भारतीय अर्थव्यवस्था, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन, आंतरिक सुरक्षा, नीतिशास्त्र, हिंदी, सी-सैट और करेंट अफेयर्स सहित विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों की आवश्यकता है। विश्वविद्यालयों और राजकीय डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा आईएएस मुख्य परीक्षा, पीसीएस साक्षात्कार या दो बार पीसीएस मुख्य परीक्षा में शामिल हो चुके अभ्यर्थियों को भी चयन समिति की संस्तुति के आधार पर अवसर दिया जाएगा।


नीट और जेईई की कोचिंग के लिए भी होगा चयन

नीट और जेईई परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए बॉटनी, जूलॉजी, फिजिक्स, केमिस्ट्री और गणित विषयों के विशेषज्ञों का पैनल तैयार किया जाएगा। नीट के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी या एमबीबीएस तथा जेईई के लिए प्रथम श्रेणी से एमएससी या एमटेक डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयन समिति की अनुशंसा के बाद योग्य अभ्यर्थियों को अतिथि व्याख्याता के रूप में सूचीबद्ध किया जाएगा। चयनित विशेषज्ञों को प्रत्येक 90 मिनट के व्याख्यान के लिए 2,000 रुपये मानदेय प्रदान किया जाएगा।


15 जून तक जमा करने होंगे आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना आवेदन पत्र, बायोडाटा, अनुभव प्रमाण पत्र तथा शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियों के साथ 15 जून 2026 तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा में जमा करना होगा। आवेदन कक्ष संख्या 116 और 117 में वरिष्ठ सहायक सारांश श्रीवास्तव के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने अधिक जानकारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के कोर्स को-ऑर्डिनेटर दिपांशु सिंह का संपर्क नंबर भी जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *