नोएडा में 25 लाख के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 37 किलो गांजा पकड़ा, साड़ियों में छिपाकर करते थे सप्लाई
- Shiv Kumar
- 03 Jun, 2026
नोएडा पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 37 किलो 696 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही 39 साड़ियां भी बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल गांजे की खेप छिपाने के लिए किया जाता था। एडीसीपी मनीषा सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी शुभम पाठक और शिवम दुबे के रूप में हुई है। दोनों को सेक्टर-17 क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पिछले करीब दो वर्षों से गांजा तस्करी के कारोबार में सक्रिय थे और इसी से अपनी आजीविका चला रहे थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
साड़ियों की पैकिंग में छिपाकर मंगवाते थे गांजा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ओडिशा समेत अन्य राज्यों के सप्लायरों के संपर्क में थे। वहां से बड़ी मात्रा में साड़ियों की खेप मंगवाई जाती थी और उन्हीं पैकेटों के बीच गांजा छिपाकर भेजा जाता था। आरोपी कोरियर कंपनियों के माध्यम से सामान अधूरे पते पर मंगवाते थे ताकि किसी को शक न हो। जब कोरियर कर्मी फोन करता था तो आरोपी खुद पहुंचकर पार्सल प्राप्त कर लेते थे। इसके बाद गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में तैयार कर दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह काफी समय से संगठित तरीके से तस्करी कर रहा था और इससे बड़ी कमाई कर रहा था।
उच्च गुणवत्ता का गांजा, कई राज्यों तक फैला नेटवर्क
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि बरामद गांजा सामान्य गांजे की तुलना में अधिक नशीला और महंगा होता है। इसे विशेष पत्तियों को सुखाकर और कई चरणों की प्रक्रिया के बाद तैयार किया जाता है। इसी वजह से इसकी मांग बाजार में ज्यादा रहती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ हो सकता है। बरामद साड़ियों और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक यह गिरोह कितनी खेप बाजार में खपा चुका है और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






