ग्रेटर नोएडा में रेपिडो की आड़ में चल रहा था चोरी का खेल, पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, 63 लाख के जेवर और नकदी बरामद

top-news
ग्रेटर नोएडा में रेपिडो चालक बनकर बंद मकानों की रेकी करने वाले चार शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 63 लाख रुपये का चोरी का माल, नकदी, गोल्ड बिस्किट, हथियार और बाइक बरामद की हैं।

ग्रेटर नोएडा में घरों की रेकी कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का शनिवार तड़के पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। थाना सूरजपुर पुलिस की मोजर बियर कंपनी के पास बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 63 लाख रुपये का चोरी का माल, नकदी, सोने-चांदी के जेवर, गोल्ड बिस्किट, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सक्रिय था और बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। हाल ही में हुई तीन बड़ी चोरियों में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है।


रेपिडो चालक बनकर करते थे मकानों की रेकी

जांच में सामने आया है कि गिरोह का एक सदस्य रेपिडो बाइक चालक के रूप में काम करता था। इसी बहाने वह विभिन्न सेक्टरों और कॉलोनियों में घूमकर ऐसे घरों की पहचान करता था, जहां लंबे समय से कोई नहीं रह रहा हो या परिवार बाहर गया हो। इसके बाद वह पूरी जानकारी अपने साथियों को देता था और फिर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि बदमाश बेहद शातिर तरीके से काम करते थे, जिससे उन पर किसी को शक नहीं होता था। रेपिडो चालक के रूप में घूमने के कारण वे आसानी से रिहायशी इलाकों की गतिविधियों पर नजर रखते थे। इसी तरीके से गिरोह ने ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में कई घरों को निशाना बनाया।


मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, लाखों का माल बरामद

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सूरजपुर पुलिस मोजर बियर गोलचक्कर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में संभल निवासी वकील उर्फ रिजवान और सरफराज उर्फ फैज के पैर में गोली लगी, जबकि भोले उर्फ भोला और अलीजान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 51 लाख रुपये मूल्य के सोने के बिस्किट और आभूषण, 1.25 लाख रुपये के चांदी के जेवरात और 11.27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा चार तमंचे, कारतूस और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य साथियों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *