ग्रेनो वेस्ट में दर्दनाक घटना, मां पर चाकू से हमला कर 5वीं मंजिल से कूदा युवक, मौत
- Shiv Kumar
- 06 Jun, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में शुक्रवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक युवक ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला किया और इसके बाद पांचवीं मंजिल से कूद गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
घरेलू विवाद के बाद बढ़ा मामला
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 21 वर्षीय सागर यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव पतवाड़ी का रहने वाला था। वह परिवार के साथ सोसाइटी के टावर-1 में रह रहा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात किसी बात को लेकर उसका अपनी मां से विवाद हो गया था, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी मां को मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सागर मानसिक रूप से अस्वस्थ था। विवाद के बाद वह फ्लैट से बाहर निकला और पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मां का भी प्राथमिक उपचार कराया गया है।
मानसिक स्थिति और जांच पर फोकस
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। युवक द्वारा इस्तेमाल किया गया चाकू घर में रखा हुआ सब्जी काटने वाला चाकू था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






