नोएडा में 12 घंटे के भीतर भाई-बहन की मौत, चाचा बोले- वही खाना सबने खाया, फिर सिर्फ दो बच्चों की जान कैसे गई?
- Shiv Kumar
- 10 Jun, 2026
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कस्बे में दो सगे भाई-बहन की रहस्यमयी मौत के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। परिवार अभी तक इस दर्दनाक हादसे से उबर नहीं पाया है। जहां एक तरफ 8 वर्षीय दीपांशी और 6 वर्षीय प्रिंस की मौत ने घर की खुशियां छीन ली हैं, वहीं दूसरी ओर बच्चों की मां रूबी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि उन्हें अभी तक अपने दोनों बच्चों की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। परिवार और स्थानीय लोग अब भी इस सवाल का जवाब तलाश रहे हैं कि आखिर कुछ ही घंटों में ऐसा क्या हुआ, जिससे दो मासूमों की जान चली गई।
परिवार ने फूड पॉइजनिंग की आशंका पर उठाए सवाल
मृत बच्चों के चाचा विकास तोमर का कहना है कि जिस खाने को फूड पॉइजनिंग की वजह बताया जा रहा है, वही खाना परिवार के अन्य सदस्यों ने भी खाया था। उन्होंने बताया कि सोमवार को सभी ने सुबह दूध और ब्रेड खाई थी, दोपहर का भोजन भी एक साथ किया था और शाम को घर में बना पास्ता, पपीता और चीकू भी खाया गया था। उनका सवाल है कि जब वही भोजन सभी ने किया, तो सिर्फ दो बच्चों की हालत इतनी गंभीर क्यों हुई। परिवार का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए।
कुछ घंटों में उजड़ गया परिवार का संसार
परिजनों के अनुसार रविवार देर रात करीब 11 बजे बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़नी शुरू हुई। पहले उल्टियां हुईं और फिर हालत तेजी से खराब होने लगी। रात करीब 3 बजे दीपांशी को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने के कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि कुछ घंटों बाद छोटे भाई प्रिंस की तबीयत भी बिगड़ गई। उसे भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन शाम तक उसकी भी मौत हो गई। एक ही दिन में भाई-बहन की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जांच जारी, लैब रिपोर्ट से खुलेगा रहस्य
घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घर से खाने-पीने की वस्तुओं के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस को दोनों बच्चों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मिल चुकी है, लेकिन उसमें मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। इसी वजह से दोनों बच्चों का बिसरा सुरक्षित रखकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे रबूपुरा कस्बे में एक ही चर्चा है कि आखिर वह कौन सी वजह थी, जिसने कुछ ही घंटों में दो मासूम बच्चों की जिंदगी छीन ली।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






