ग्रेटर नोएडा में मसाला बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापा, जांच के लिए 18 सैंपल लिए गए, 2.6 टन से अधिक मसाला सीज

top-news
ग्रेटर नोएडा, नोएडा और जेवर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मसाला निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर 18 नमूने जांच के लिए लिए। जेवर की एक फैक्ट्री से 199 किलो कश्मीरी मिर्च और 2479 किलो हल्दी पाउडर सीज किया गया।

ग्रेटर नोएडा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में मसालों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की टीम ने जेवर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा स्थित विभिन्न मसाला निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर कुल 18 नमूने जांच के लिए एकत्र किए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।


अभियान के दौरान अधिकारियों ने मसालों के निर्माण, भंडारण और गुणवत्ता मानकों की जांच की। विभाग का उद्देश्य बाजार में मिलावटी और निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।


जेवर की फैक्ट्री में बड़ी कार्रवाई

जांच के दौरान जेवर स्थित एसपीआर स्पाइसेस एंड सीज़निंग प्राइवेट लिमिटेड में मसाला निर्माण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और विवरण मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 199 किलोग्राम कश्मीरी मिर्च और 2479 किलोग्राम हल्दी पाउडर को सीज कर दिया। अधिकारियों के अनुसार जब तक आवश्यक दस्तावेज और गुणवत्ता संबंधी जानकारी प्रस्तुत नहीं की जाती, तब तक सीज किए गए उत्पादों को उपयोग या बाजार में बिक्री के लिए अनुमति नहीं दी जाएगी।


जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि एकत्र किए गए सभी 18 नमूनों की प्रयोगशाला में विस्तृत जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं को शुद्ध और मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज हमेशा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *