नोएडा में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर कंपनी कर्मचारी से 12.96 लाख की ठगी, मुनाफे का लालच देकर किया कांड
- Shiv Kumar
- 12 Jun, 2026
ग्रेटर नोएडा। ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने एक कंपनी कर्मचारी से 12.96 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को शेयर बाजार विशेषज्ञ बताकर पीड़ित को निवेश के लिए प्रेरित किया और बाद में रकम वापस करने से इनकार कर दिया। मामले में साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
व्हाट्सऐप मैसेज से शुरू हुआ ठगी का खेल
गौर सिटी-2 की 14वीं एवेन्यू सोसाइटी निवासी उज्जवल चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। अगस्त 2025 में उनके पास व्हाट्सऐप पर कुछ संदेश आए, जिनमें ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के जरिए कम समय में अच्छा मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। बातचीत के दौरान आरोपियों ने खुद को शेयर बाजार से जुड़ा विशेषज्ञ बताया और भरोसा दिलाया कि निवेश करने पर बड़ा लाभ मिलेगा। आरोपियों के कहने पर उज्जवल ने एक ब्रोकर के माध्यम से डिमैट खाता खुलवाया और ट्रेडिंग शुरू कर दी। शुरुआत में उन्हें निवेश बढ़ाने के लिए लगातार प्रेरित किया गया। ठगों ने दावा किया कि बाजार में सही रणनीति अपनाकर अच्छा रिटर्न हासिल किया जा सकता है।
अलग-अलग बहाने बनाकर जमा कराए लाखों रुपये
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने निवेश सीमा बढ़ाने, होल्डिंग चार्ज जमा करने और नुकसान की भरपाई करने जैसे कई बहाने बनाकर बार-बार पैसे जमा कराए। एक से नौ सितंबर के बीच उन्होंने कुल 12 लाख 96 हजार 360 रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद उन्हें कोई लाभ नहीं मिला और खाते में लगातार नुकसान दिखाया जाता रहा। जब उज्जवल को शक हुआ तो उन्होंने अपनी जमा राशि वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद ब्रोकर और अन्य संबंधित लोगों ने टालमटोल शुरू कर दी। न तो उनकी रकम लौटाई गई और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया गया।
एनसीआरपी पर शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने 15 दिसंबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन की जांच कर साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






