यूपी में रियल एस्टेट को बड़ा बूस्ट, 2, 250 करोड़ रुपये की 14 नई परियोजनाओं को मंजूरी, 7 जिलों में बनेंगी 3, 548 इकाइयां
- Shiv Kumar
- 16 Jun, 2026
उत्तर प्रदेश के रियल एस्टेट क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा मिला है। यूपी रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) ने राज्य के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित 14 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं में कुल 2,285 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा और इनके माध्यम से 3,548 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा। यह निर्णय यूपी रेरा की 204वीं बोर्ड बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता रेरा अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने की। स्वीकृत परियोजनाओं में फ्लैट, विला, दुकानें और स्टूडियो स्पेस जैसी कई तरह की आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयां शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि इन परियोजनाओं से न केवल लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि संबंधित क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। रियल एस्टेट क्षेत्र में बढ़ता निवेश प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति देने का काम करेगा।
लखनऊ और गौतमबुद्ध नगर में सबसे अधिक गतिविधियां
नई स्वीकृत परियोजनाओं में लखनऊ सबसे आगे रहा है। यहां 711.15 करोड़ रुपये के निवेश वाली सात परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के जरिए 1,270 नई इकाइयों का विकास किया जाएगा। इनमें चार आवासीय और तीन व्यावसायिक परियोजनाएं शामिल हैं। फ्लैट, विला, दुकानें और स्टूडियो स्पेस जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे राजधानी में आवास और कारोबार दोनों को मजबूती मिलेगी। परियोजनाओं की संख्या के लिहाज से गौतमबुद्ध नगर दूसरे स्थान पर रहा। जिले में 208.33 करोड़ रुपये की लागत वाली दो व्यावसायिक परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं में 695 व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। इनमें दुकानें और स्टूडियो स्पेस प्रमुख रूप से शामिल हैं। माना जा रहा है कि इससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा।
गाजियाबाद में सबसे बड़ा निवेश, अन्य जिलों को भी लाभ
गाजियाबाद में सबसे अधिक 998.23 करोड़ रुपये के निवेश वाली एक बड़ी परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत 780 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का विकास होगा। इसके अलावा मथुरा में 71.35 करोड़ रुपये के निवेश से 268 आवासीय इकाइयां विकसित की जाएंगी, जबकि बरेली में 226.63 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत 374 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। वाराणसी में 9.74 करोड़ रुपये की लागत से 17 आवासीय इकाइयों वाली परियोजना को मंजूरी मिली है। वहीं बाराबंकी में 60.25 करोड़ रुपये के निवेश से 144 आवासीय इकाइयों का विकास किया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के कई जिलों में बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






