अब धूप-बारिश में नहीं होगी ट्रैफिक कर्मियों को परेशानी, नोएडा में आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रैफिक बूथ स्थापित

top-news
गौतमबुद्ध नगर में एसीपी शकील मो. की पहल पर CSR के तहत आधुनिक ट्रैफिक बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों से ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को धूप, बारिश और गर्मी से राहत मिलेगी, जिससे वे बेहतर तरीके से अपनी ड्यूटी निभा सकेंगे।

नोएडा में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एसीपी ट्रैफिक रहते हुए एसीपी शकील मो. ने एक सराहनीय पहल की। उन्होंने विभिन्न संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत जिले के प्रमुख स्थानों पर आधारभूत सुविधाओं से युक्त आधुनिक ट्रैफिक बूथ स्थापित कराए। ट्रैफिक पुलिस कर्मी सुबह से देर रात तक सड़क पर खड़े होकर अपनी ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में उन्हें धूप, बारिश, तेज गर्मी और अन्य मौसम संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इन नई सुविधाओं वाले ट्रैफिक बूथों में पुलिसकर्मियों को बैठने, पानी पीने, भोजन करने, मोबाइल चार्ज करने और मौसम से बचाव जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


पुलिस कर्मियों की सुविधा को मिली प्राथमिकता

इन ट्रैफिक बूथों का मुख्य उद्देश्य ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। लंबे समय तक सड़क पर ड्यूटी करने वाले कर्मियों को इससे काफी राहत मिलेगी। साथ ही यह पहल उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी मददगार साबित होगी।


यातायात व्यवस्था को मिलेगा और मजबूती

अधिकारियों का मानना है कि जब पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तो वे अपने दायित्वों का अधिक मनोयोग और दक्षता के साथ निर्वहन कर सकेंगे। इससे न केवल यातायात व्यवस्था और सुदृढ़ होगी बल्कि आम जनता को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। एसीपी शकील मो. की इस पहल को पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों द्वारा सराहा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *