नोएडा एयरपोर्ट पर पार्किंग नियम लागू, 7 मिनट तक एंट्री फ्री, उसके बाद देना होगा शुल्क, जेवर एयरपोर्ट पर जाम रोकने के लिए नई व्यवस्था
- Shiv Kumar
- 20 Jun, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) पर यात्रियों की सुविधा और ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पार्किंग से जुड़े नए नियम लागू कर दिए गए हैं। इन नियमों के तहत वाहनों के प्रवेश, ठहराव और पार्किंग शुल्क की नई दरें तय की गई हैं। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य टर्मिनल के बाहर लगने वाले जाम को कम करना और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाना है। एयरपोर्ट परिसर में आने वाले सभी वाहनों को अब शुरुआती 7 मिनट की फ्री एंट्री दी जाएगी, ताकि यात्री आसानी से ड्रॉप या पिकअप कर सकें। इस समय सीमा के भीतर किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
7 मिनट के बाद लगेगा शुल्क, तय की गई नई दरें
यदि कोई वाहन 7 मिनट से अधिक समय तक एयरपोर्ट परिसर में रुकता है तो उसे निर्धारित पार्किंग शुल्क देना होगा। निजी कारों के लिए 2 घंटे तक का शुल्क 150 रुपये तय किया गया है, जबकि कमर्शियल वाहनों और कैब के लिए यह शुल्क 250 रुपये रखा गया है। इसके बाद अतिरिक्त समय के लिए प्रति घंटे 50 से 100 रुपये तक का अतिरिक्त शुल्क देना होगा। भारी वाहनों और बसों के लिए शुल्क अधिक रखा गया है। कमर्शियल बसों और अन्य बड़े वाहनों को 400 से 500 रुपये तक भुगतान करना होगा, जो उनके ठहराव की अवधि पर निर्भर करेगा।
पूरा दिन रुकने पर अलग चार्ज, डिजिटल पेमेंट की सुविधा
अगर कोई वाहन पूरे दिन एयरपोर्ट परिसर में खड़ा रहता है तो निजी वाहनों के लिए 600 रुपये और कमर्शियल वाहनों के लिए 700 रुपये का फिक्स चार्ज लागू होगा। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने भुगतान के लिए डिजिटल पेमेंट, फास्टैग और नकद—तीनों विकल्प उपलब्ध कराए हैं।
भीड़ और जाम कम करने की कोशिश
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, यह नई व्यवस्था टर्मिनल एरिया में अनावश्यक भीड़ और ट्रैफिक जाम को रोकने के लिए लागू की गई है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय का ध्यान रखें और निर्धारित समय सीमा के अनुसार ही परिसर में वाहन रोकें, ताकि अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सके। जेवर एयरपोर्ट पर लागू यह व्यवस्था संचालन को अधिक व्यवस्थित और सुचारु बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






