नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सर्विस सेंटर के बाहर से गाड़ियां उड़ाने वाले गैंग का पर्दाफाश, महिंद्रा थार, क्रेटा और इकोस्पोर्ट बरामद
- Shiv Kumar
- 20 Jun, 2026
नोएडा पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो सर्विस सेंटर और शोरूम के बाहर खड़ी लग्जरी गाड़ियों को निशाना बनाता था। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का खुलासा एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए किया।
सर्विस सेंटर से चाबी चोरी कर उड़ाते थे गाड़ियां
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। आरोपी पहले सर्विस सेंटर और शोरूम के बाहर खड़ी गाड़ियों की रेकी करते थे। इसके बाद वहां से गाड़ियों की चाबियां चुराकर वाहन लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद गाड़ियों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर उन्हें पहचान से बचाया जाता था और बाद में इन्हें पूर्वोत्तर राज्यों में बेच दिया जाता था।
तीन लग्जरी गाड़ियां बरामद, बड़े नेटवर्क का खुलासा
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर तीन लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं, जिनमें महिंद्रा थार, हुंडई क्रेटा और फोर्ड इकोस्पोर्ट शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे अब तक करीब 60 गाड़ियों को इस तरीके से बेच चुके हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई राज्यों में इसका नेटवर्क फैला हुआ है।
अंतरराज्यीय गिरोह की जांच में जुटी पुलिस
सेक्टर-58 पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। बरामद गाड़ियों के दस्तावेज, इंजन और चेसिस नंबर की जांच की जा रही है ताकि अन्य चोरी के मामलों से भी कनेक्शन जोड़ा जा सके। साथ ही पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है। इस पूरे मामले का खुलासा नोएडा की एडीसीपी मनीषा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि यह एक संगठित वाहन चोरी गिरोह है, जिसे जल्द ही पूरी तरह बेनकाब किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






