गौतमबुद्धनगर प्रशासन का समाधान अभियान, संपूर्ण समाधान दिवस में 145 शिकायतें दर्ज, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
- Shiv Kumar
- 20 Jun, 2026
जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे। जिले की तीनों तहसीलों में कुल 145 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दादरी तहसील में सबसे ज्यादा शिकायतें पहुंचीं
दादरी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने की। इस दौरान मेरठ मंडल के अपर आयुक्त भी मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, विकास कार्यों और अन्य जनसमस्याओं से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। दादरी तहसील में कुल 81 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से सात मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। अधिकारियों ने कई शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों को दिए गए जवाबदेही के निर्देश
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए। उन्होंने कहा कि शासन जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और प्रत्येक शिकायत का निस्तारण गंभीरता से किया जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर जांच करने और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सदर और जेवर तहसील में भी हुई सुनवाई
सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं जेवर तहसील में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 57 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से दो शिकायतों का समाधान तत्काल कर दिया गया। अधिकारियों ने शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि सभी लंबित शिकायतों की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






