नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्साह, जनप्रतिनिधि और पुलिसकर्मियों ने किया योगाभ्यास
- Shiv Kumar
- 21 Jun, 2026
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शनिवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह और व्यापक भागीदारी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, छात्रों और आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। शहर के स्टेडियमों, शैक्षणिक संस्थानों और आवासीय सोसाइटियों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर योग के महत्व को समझा और इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम
ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप और विधायक तेजपाल नागर ने योगाभ्यास किया। इस दौरान प्रमुख सचिव एवं नोडल अधिकारी अनुराग यादव की अगुवाई में भी सामूहिक योग सत्र हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं नोएडा इंडोर स्टेडियम में भी योग दिवस पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और सामूहिक योगाभ्यास किया।
पुलिस लाइन में विशेष योग सत्र, फिटनेस का दिया संदेश
नोएडा पुलिस लाइन में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। योग गुरु आचार्य प्रतिष्ठा ने इस सत्र का संचालन करते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग को शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम बताते हुए नियमित अभ्यास पर जोर दिया। इस मौके पर सेंट्रल जोन के डीसीपी शैलेंद्र कुमार, एडीसीपी स्वतंत्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
योग से तनाव कम करने और फिटनेस बनाए रखने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग की जिम्मेदारी चुनौतीपूर्ण होती है, ऐसे में योग तनाव को कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। एमिटी यूनिवर्सिटी, सेक्टर-34, आरडब्ल्यूए और कई हाउसिंग सोसाइटियों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






