गौतमबुद्धनगर में ‘जिला निर्यात हब’ को लेकर अहम बैठक, डीएम की अध्यक्षता में उद्यमियों ने उठाईं समस्याएं, निर्यात बढ़ाने पर जोर
- Shiv Kumar
- 22 Jun, 2026
गौतमबुद्धनगर को “डिस्ट्रिक्ट एज़ एक्सपोर्ट हब” के रूप में और मजबूत बनाने को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्यातकों, उद्योग संगठनों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और जिले में निर्यात बढ़ाने से जुड़ी चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रशासन ने साफ किया कि जनपद को एक मजबूत एक्सपोर्ट सेंटर बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।
निर्यात बढ़ाने की योजनाओं पर चर्चा
बैठक में उप महानिदेशक विदेश व्यापार हेमंत कुमार ने विदेश व्यापार महानिदेशालय की मौजूदा और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्यात प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कई स्तरों पर सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गौतमबुद्धनगर प्रदेश के प्रमुख निर्यातक जिलों में शामिल है और यहां से निर्यात लगातार बढ़ रहा है। अधिकारियों ने सुझाव दिया कि योजनाओं का लाभ सीधे उद्योगों तक पहुंचे, इसके लिए प्रक्रिया को और सरल बनाया जाए।
उद्योग जगत की समस्याएं सामने आईं
बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने कई व्यावहारिक समस्याएं भी रखीं। निर्यातकों ने बताया कि एडवांस ऑथराइजेशन और ईपीसीजी लाइसेंस के संशोधन और क्लोजर में देरी हो रही है। इसके अलावा आयात-निर्यात कोड प्रोफाइल और डिजिटल सिग्नेचर अपडेट में तकनीकी दिक्कतें भी सामने आ रही हैं। कस्टम विभाग से जुड़ी समस्याओं में जांच प्रक्रिया में अधिक समय लगना, मूल्यांकन में बार-बार पूछताछ, जीएसटी रिफंड में देरी और समन्वय की कमी जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।
जिलाधिकारी ने दिए समाधान के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्यातकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले को एक मजबूत निर्यात केंद्र बनाने के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा। वहीं उप महानिदेशक विदेश व्यापार ने भरोसा दिलाया कि उठाए गए मुद्दों पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी और निर्यातकों को हर संभव सहयोग मिलेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






